भारत के अनुभवी बल्लेबाज़ अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से संन्यास लेने का फ़ैसला किया है। रहाणे ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो मैसेज के ज़रिए यह जानकारी दी।
मुंबई के इस बल्लेबाज़ ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 मैच खेले, साथ ही छह टीमों के लिए 212 आईपीएल मैच भी खेले। रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में 38.46 की औसत से 5077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक शामिल हैं; इनमें से आठ शतक विदेशी ज़मीन पर लगे थे।
उन्होंने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ यादगार बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ जीत में भारत की कप्तानी भी की थी। उस सीरीज़ में एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में भारत को हार का सामना करना पड़ा था, जब दूसरी पारी में टीम सिर्फ़ 36 रन पर सिमट गई थी। रहाणे ने MCG में शानदार शतक लगाकर टीम की अगुवाई की और सीरीज़ को बराबरी पर लाने में मदद की। इसके बाद भारत ने गाबा में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
रहाणे ने अपने इंस्टाग्राम पर कहा, “ज़िंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज़ की शुरुआत होती है और हर चीज़ का अंत भी। जब सही समय आता है, तो हमें उसका सम्मान करना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। मैंने अपनी बल्लेबाज़ी में हमेशा ‘टाइमिंग’ पर भरोसा किया है और इसके महत्व को समझा है। आज, मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट व सभी फ़ॉर्मेट से संन्यास की घोषणा करने का सही समय आ गया है।”
रहाणे ने कहा, “एक युवा लड़के के तौर पर प्रैक्टिस के लिए डोंबिवली से सफ़र करने के शुरुआती दिनों से लेकर अब तक, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया है। हर दिन, हर पारी, बल्लेबाज़ी के हर मौके पर मेरा सपना हमेशा भारत की कैप पहनना ही रहा। मैंने एक साधारण नियम का पालन किया: हमेशा अपने देश और अपनी टीम को खुद से ऊपर रखा। मैंने पूरी ईमानदारी से यह खेल खेला और मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अगर आपकी नीयत साफ़ है, तो खेल हमेशा आपका ख्याल रखेगा। जब से मैंने फ़र्स्ट-क्लास क्रिकेटर के तौर पर डेब्यू किया, तब से भारतीय क्रिकेट ने ज़बरदस्त तरक्की की है और मुझे गर्व है कि मैं पिछले 20 सालों से इसका हिस्सा रहा हूँ। भले ही एक भारतीय क्रिकेटर के तौर पर मेरा अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन इस खेल के साथ मेरा सफ़र खत्म नहीं हो रहा है।” रहाणे ने छह टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की और उनमें से चार जीते। 38 साल के रहाणे ने कहा कि वह अपनी सीख और अनुभव साझा करके अगली पीढ़ी की मदद करना चाहेंगे।
“मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से मिली सीख को साझा करने और उस खेल को कुछ वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है। मुंबई में एक युवा खिलाड़ी के तौर पर शुरुआत करने से लेकर भारत के लिए खेलने तक, यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही है। इस सफर में कई जीत और हार मिलीं, लेकिन क्रिकेट खेलने, अलग-अलग टीमों का हिस्सा बनने और जीवन भर याद रहने वाली यादें बनाने की खुशी ही मेरे करियर की सबसे बड़ी संतुष्टि रही है। BCCI, MCA, मेरे साथियों, कोचों, हर IPL फ्रेंचाइजी, राधिका, मेरे पूरे परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों का शुक्रिया जिन्होंने मेरा साथ दिया।
“और उन सभी क्रिकेट फैंस का खास शुक्रिया जिन्होंने उतार-चढ़ाव के हर दौर में मेरा साथ दिया। अजिंक्य का मतलब है ‘जिसे हराया न जा सके’, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हार का स्वाद चखाया है। क्रिकेटर के तौर पर, हम सफल होने से ज़्यादा बार असफल होते हैं। मेरी टीम मैच हारी है, मैंने गलतियां की हैं, लेकिन एक जगह ऐसी है जहां मैं कभी नहीं हारा, और वह है आपके दिलों में। (मराठी में) आपने हमेशा मुझे अपना समझा। आपके प्यार, भरोसे और समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278, अब विदा लेता हूं।”
