दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा ने जसप्रीत बुमराह के लंबे समय के पेस पार्टनर के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा का समर्थन किया है। अपनी सटीक लाइन और लेंथ के लिए मशहूर मैक्ग्रा ने कहा कि अगर कृष्णा अपनी लेंथ सही कर लें तो वे और भी खतरनाक गेंदबाज बन सकते हैं।
कर्नाटक के लंबे कद के तेज गेंदबाज ‘हिट-द-डेक’ बॉलर हैं और डेब्यू के बाद से ही उनकी लेंथ थोड़ी छोटी रही है। कृष्णा ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों में 34.20 के औसत से पांच विकेट लिए।
इस तेज गेंदबाज ने 28 वनडे मैचों में 50 विकेट लिए हैं, जबकि सात टेस्ट मैचों में 25 विकेट लिए हैं।
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक मैक्ग्रा ने कहा, “मैं प्रसिद्ध का बहुत बड़ा फैन हूं। अगर वह अपनी लेंथ सही कर लें, तो उनके पास सब कुछ है।”
उन्होंने कहा, “वह वास्तव में परिपक्व हुए हैं। वह लंबे हैं, अच्छी जगहों पर गेंदबाजी करते हैं, उछाल पैदा करते हैं और उनमें अच्छी गति है। कभी-कभी वह थोड़ी छोटी लेंथ पर गेंदबाजी करते हैं, लेकिन इसके अलावा, मुझे लगता है कि वह एक संपूर्ण पैकेज हैं। उन्होंने वास्तव में खुद को विकसित किया है और अपनी क्षमता को प्रदर्शन में बदला है।”
मैक्ग्रा का मानना है कि किसी टीम के लिए बदलाव के दौर से गुजरना कभी आसान नहीं होता। मोहम्मद शमी को खेल के तीनों फॉर्मेट में चयन के लिए नजरअंदाज किया गया है, जबकि सिराज को व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में समर्थन नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, “आपके पास बुमराह हैं, जो एक बेहतरीन गेंदबाज हैं, और मोहम्मद शमी भी हैं, जो विश्व स्तरीय हैं। मोहम्मद सिराज भी लंबे समय से टीम के साथ हैं। आप बस वहीं से शुरू करने की उम्मीद नहीं कर सकते जहां आपने छोड़ा था। यह हमेशा एक बदलाव का दौर होगा।” उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी जिक्र किया, जो इसी तरह के दौर से गुजरेगी।
उन्होंने आगे कहा, “पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड और मिशेल स्टार्क के अलावा शायद ही किसी को मौका मिलता है… इसलिए ऑस्ट्रेलिया के लिए भी यह आसान नहीं होगा।” ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ का मानना है कि बुमराह अपने रन-अप के आखिरी कुछ कदमों में ज़ोर लगाकर अपने शरीर पर ज़्यादा दबाव डालते हैं।
मैकग्रा ने कहा, “जिस तरह से वह उन आखिरी कुछ कदमों में पूरी ताक़त लगाते हैं, उससे शायद ज़्यादातर गेंदबाज़ों की तुलना में उनके शरीर पर ज़्यादा दबाव पड़ता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह खुद को कैसे संभालते हैं।”
बुमराह को श्रीलंका के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ के लिए भारतीय टीम में चुना गया है, लेकिन उनका चयन फ़िटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।
