न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-1 से वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। मेहमान टीम ने आखिरी मैच में 22 रन से जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली। मिशेल सेंटनर के कहने पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम बोर्ड पर सिर्फ 209 रन ही बना सकी।
हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और उन्हें अपनी सटीक लाइन-लेंथ का फायदा भी मिला। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह सबसे बेहतरीन रहे, जिन्होंने अपने 10 ओवर के कोटे में 30 रन देकर 3 विकेट लिए।
मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट लिए, जबकि नमन धीर, आकिब नबी डार और अपना डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में श्रेयस अय्यर ने कहा, “अगर आप पूरी सीरीज को देखें, तो यह बल्लेबाजों के लिए आसान सीरीज नहीं थी। गेंदबाजों ने जिस तरह से गेंदबाजी की, उन्होंने मुश्किल समय में जिम्मेदारी उठाई। उन्हें पूरा भरोसा था कि हालात चाहे जैसे भी हों, वे टीम को जीत दिला सकते हैं। मुझे लगता है कि सभी खिलाड़ियों की यही सोच है, जो हमें चाहिए। हर खिलाड़ी का यही जज्बा है, जो बहुत शानदार है।”
चोट की समस्याओं और टेस्ट की तैयारियों के कारण खिलाड़ियों की अनुपलब्धता की वजह से बार-बार टीम कॉम्बिनेशन बदलने की चुनौतियों पर बात करते हुए अय्यर ने कहा, “हां, बिल्कुल। जब टीम में लगातार बदलाव होते हैं, तो खिलाड़ियों के लिए यह चुनौतीपूर्ण हो जाता है। जैसा कि आपने पहले कहा, उन्हें परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना पड़ता है। लेकिन हम कोई बहाना नहीं बनाना चाहते थे। हम बस अपनी उम्मीदों पर खरा उतरना चाहते थे और हर खिलाड़ी मैदान पर आकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार था।”
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी।
